दक्षिण अफ्रीका के नोबेल पुरस्कार विजेता डेसमंड टुटु ने कहा है कि भारत में महिलाओं के खिलाफ भेदभाव और बाल विवाह जैसी प्रथाओं के कारण विकास की गति धीमी हो जाती है. भारत शानदार गति से आगे जा रहा है, अगर आप 7 फीसदी जीडीपी देखें तो. अगर आप 50 प्रतिशत भागीदारी यानी महिलाओं को उसमें जोड़े तो सोचिए कि क्या होगा. मुझे लगता है कि भारत अहम खिलाड़ी बन सकता है बशर्ते उनकी भूमिका भी बढ़े और महिलाओं को उनकी जगह मिले. एल्डर्स नाम के एक ग्रुप के साथ टुटु एक अभियान का समर्थन कर रहे हैं जिसका नाम है गर्ल्स नॉट ब्राइड्स, यानी लड़कियां, दुल्हन नहीं. इस अभियान का उद्देश्य है बाल विवाह समाप्त करना. लिंगानुपात के जानकार कहते हैं कि हर तीन सेकंड में 18 साल से कम उम्र की एक लड़की की शादी कर दी जाती है यानी हर साल एक करोड़.
गेहूं की आपूर्ति के लिए ईरान भारत की तरफ नजरें लगाए है. प्रतिबंध के कारण भुगतान से जुड़ी मुश्किलों के कारण आयात में उसे समस्या खड़ी हो गई है. भारतीय चाय भी ईरान में निर्यात हो रही है. परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिकी और यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के कारण ईरान में यह स्थिति पैदा हुई है. भारत के व्यापार सचिव राहुल खुल्लर ने कहा कि एक निजी ईरानी व्यापारी गेहूं की बड़ी खेप खरीदना चाहता है. उन्होंने जानकारी दी कि भारत अभी इस सौदे पर विचार कर रहा है. खुल्लर ने कहा, संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों का भारत सम्मान करता है. लेकिन इन प्रतिबंधों की सूची में बहुत सारे ऐसे उत्पाद शामिल नहीं हैं जो भारत ईरान को निर्यात कर सकता है. अगर अमेरिका और ईयू उन देशों को निर्यात नहीं कर रहे तो मैं उनका अनुसरण क्यों करूं, क्यों मैं व्यापार का यह मौका नहीं लूं. भुल्लर ने कहा कि अगर उन्होंने तय किया है कि वे ईरान को कोई उत्पाद नहीं बेचेंगे तो यह उनका फैसला है, हम व्यापार जारी रखेंगे.
साइबर अपराध की बढ़ती दर के कारण भारत के आंध्र प्रदेश में नई हाई टेक लैब स्थापित करने की योजना है. इससे मुख्य शहरों में साइबर क्राइम पर काबू पाया जा सकेगा. इस तरह की दो लैब हैदराबाद और साइबराबाद के आयुक्त कार्यालयों में लगाए जाएंगे. इनके जरिए तकनीकी डेटा इकट्ठा किया जा सकेगा. साथ ही पुलिस, जज, फाइनैंस से जुडे लोगों को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा ताकि वे साइबर क्राइम से प्रभावी तरीके से लड़ सकें.
मालदीव पर्यटन मंत्रालय के एक उच्च अधिकारी ने कहा है कि देश में चल रही हिंसा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को खराब कर रही है. हालांकि अब तक पर्यटकों ने अपनी बुकिंग रद्द नहीं कराई हैं. मालदीव पर्यटन उद्योग संघ के अध्यक्ष मोहम्मद सिम इब्राहिम ने इस बारे में कहा, "इस हिंसा ने हमारी छवि बिगाड़ कर रख दी है. हम किसी अरब देश जैसे हो गए हैं जहां सड़कों पर हिंसा भड़क रही है." इब्राहिम ने कहा कि देश में जो राजनैतिक हलचल चल रही है उसका सीधा असर पर्यटन क्षेत्र में विदेशी निवेश पर देखा जाएगा, "पर्यटक छुट्टी मनाने के लिए कहीं भी जा सकते हैं, उन्हें यहां आने की कोई जरूरत नहीं है." पर्यटन मालदीव के सकल घरेलू उत्पाद का करीब साठ फीसदी हिस्सा है.
जर्मनी की राजधानी में गुरूवार से 62वें बर्लिनाले फिल्म महोत्सव की शुरुआत हुई. महोत्सव की शुरुआत फ्रांसीसी क्रांति पर आधारित फिल्म "फेयरवेल माई क्वीन" के साथ की गई. फिल्म की कहानी एक उपन्यास पर आधारित है और दर्शक इस फिल्म की तुलना अरब जगत की क्रांति के साथ कर रहे हैं. इस साल गोल्डन और सिल्वर बीयर के लिए 18 फिल्मों के बीच होड़ लगी है. जर्मन फैन्स बेसब्री से शाहरुख खान के बर्लिन पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनके जर्मनी आने का कार्यक्रम अनिश्चित हो गया है.