1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

ख़ास ख़बर

कड़ी सुरक्षा के बीच आईपीएल आज से

कड़ी सुरक्षा लेकिन पूरे धूम धड़ाके के साथ आईपीएल-3 आज से शुरू हो रहा है. आज पहला ही मैच आईपीएल-2 की चैंपियन टीम डेक्कन चार्जर्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा. गांगुली को ज़ोरदार शुरूआत की उम्मीद.

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम आज शाम आईपीएल-3 की नाच गाने और आतिशबाज़ी के साथ शुरूआत होगी. भारतीय समय के मुताबिक रात आठ बजे सौरव गांगुली की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स को एडम गिलक्रिस्ट की टीम से भिड़ना है. मैच से पहले मुंबई में कोलकाता के कप्तान गांगुली ने कहा कि क्रिस गेल और ब्रैडम मैकुलम के बिना थोड़ी परेशानी ज़रूर होगी.

जीत के साथ शुरूआत करने की उम्मीद जताते हुए दादा ने कहा, ''कई टीमों को अहम खिलाड़ियों की कमी खल रही है. पहले हफ़्ते ऐसा होगा, उम्मीद है कि टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ सभी चीज़ें ठीक हो जाएंगी.'' गांगुली का कहना है कि टीम में शामिल नए भारतीय खिलाड़ी ज़िम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाह रुख़ खान है और बॉलिंग कोच वसीम अकरम. कप्तान गांगुली का कहना है कि अकरम की सलाह से गेंदबाज़ी काफ़ी सुधरी है. एक नए खिलाड़ी का ज़िक्र करते हुए प्रिंस ऑफ़ कोलकाता ने कहा, ''हमारे पास वरुण अरोड़ा हैं. एक बार वह फिट हो जाएं तो हम उन्हें उतार सकते हैं. वह क़रीब 150 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से बॉलिंग कर सकते हैं. वह उभरते सितारे की तरह हैं.'' लेकिन गांगुली को फिक्र बल्लेबाज़ी की है. वह कहते हैं कि बस किसी तरह स्कोरबोर्ड में ठीक ठाक रन जुड़ जाएं.

दूसरी तरफ़ डेक्कन चार्जर्स के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट का कहना है कि उनकी टीम आईपीएल-3 में भी पुराना करिश्मा दोहराने के लिए तैयार है. गिली ने कहा बीते सत्र में टीम मिलजुल कर काफ़ी शानदार खेली और वही केमेस्ट्री इस बार भी जारी रखी जाएगी. हालांकि गिलक्रिस्ट ने कहा कि बहुत से विदेशी खिलाड़ी अभी आए नहीं है और इससे टीम चिंतित है.

आईपीएल के बुख़ार के बीच लोगों की नज़रें शनिवार को होने वाले मैच पर भी लगी है. उस दिन पूरी फॉर्म में चल रहे सचिन तेंदुलकर की टीम मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स से भिड़ना है. वनडे में नाबाद 200 रन बनाने के बाद यह पहला मौक़ा होगा जब मास्टर ब्लास्टर फिर से क्रीज़ पर उतरेंगे.

रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह

संपादन: एस गौड़

अन्य खबरें