जाने माने गीतकार जावेद अख़्तर सांसद बन गए हैं. उन्हें भारतीय संसद के उपरी सदन यानी राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है. अख्तर के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर भी मनोनीत किए गए.
जावेद अख़्तर
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कुल पांच लोगों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है, जिनमें योजना आयोग के पूर्व सदस्य बालचंद्र मुंगेकर, शिक्षाविद राम दयाल मुंडा और थियेटर की शख़्सियत बी जयश्री शामिल हैं. राज्यसभा में 12 सीटें खाली थीं और हाल में पत्रकार एचके दुआ सहित छह लोगों को मनोनीत किया गया था.
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने किया मनोनीत
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत भारत का राष्ट्रपति साहित्य, कला, विज्ञान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र की शख़्सियतों को राज्यसभा के लिए नामांकित करता है. हाल ही में बॉलीवुड स्टार हेमा मालिनी और इसरो के पूर्व प्रमुख कस्तुरी रंगनाथन की मियाद पूरी हुई है, जबकि रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर सी रंगाराजन ने प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन बनाए जाने पर राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.
लगभग 65 साल के मशहूर गीतकार और पद्मभूषण से नवाज़े जा चुके जावेद अख्तर ने बॉलीवुड के कई मशहूर गाने लिखे हैं, जबकि शोले सहित कई फ़िल्मों की स्क्रिप्ट भी लिखी है. उनकी पत्नी और बॉलीवुड अदाकारा शबाना आज़मी को भी 1997 में राज्यसभा में मनोनीत किया गया था.
कांग्रेस नेता 68 साल के मणिशंकर अय्यर भारतीय विदेश सेवा में रह चुके हैं. उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा देकर राजनीति में कदम रखा और 1991 में पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते. वह 2004 से 2009 तक भारत में केंद्रीय मंत्री भी रहे लेकिन पिछले साल तमिलनाडु के मइलादुतिरई से लोकसभा चुनाव हार गए.
मुंगेकर एक जाने माने अर्थशास्त्री हैं और उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर ख़ासा काम किया है. वह मुंबई यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रह चुके हैं और योजना आयोग के सदस्य भी. बी जयश्री मशहूर कन्नड़ थियेटर कलाकार गुब्बी वीरान्ना की पोती हैं और खुद भी थियेटर से जुड़ी हैं. झारखंड के शिक्षाविद मुंडा ने भाषाओं के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा रिसर्च किया है और शिकागो यूनिवर्सिटी से भाषाशास्त्र में पीएचडी कर चुके हैं. उन्होंने झारखंड में आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए भी काफ़ी काम किया है.
रिपोर्टः पीटीआई/ए जमाल
संपादनः एस गौड़